ओवैसी-ओमप्रकाश राजभर का कल पूर्वांचल दौरा, विधानसभा से पहले पंचायत चुनाव पर नजरें
सरफराज अहमद
बिहार चुनाव में बड़ी सफलता के बाद यूपी विधानसभा चुनाव छोटे दलों के गठबंधन के साथ लड़ने की घोषणा कर चुके एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को पूर्वांचल के दौरे पर आ रहे हैं। उनके साथ सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर भी होंगे। दोनों नेता इस दौरान चार जिलों का तूफानी दौरा करेंगे। इस दौरे को यूपी में होने वाले पंचायत चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। ओमप्रकाश राजभर पहले ही पंचायत चुनाव को मजबूती से लड़ने की बात कह चुके हैं। दोनों नेताओं का वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़ और मऊ जाने का कार्यक्रम है। संयोग से मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी जौनपुर आ रहे हैं।
पिछली बार सुभासपा ने भाजपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। ओमप्रकाश राजभर कैबिनेट मंत्री भी बने थे। बाद में कई मुद्दों पर रार के बाद ओमप्रकाश को बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से सुभासपा पूर्वांचल में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। इसी को देखते हुए भागीदारी संकल्प मोर्चा में ओवैसी की पार्टी को जोड़ा गया है।
ओवैसी सबसे पहले वाराणसी पहुंचेंगे। यहां से जौनपुर जाएंगे। इसके बाद आजमगढ़ और मऊ जिले में कई आयोजनों में हिस्सा लेंगे। जौनपुर में जहां जगह जगह पार्टी कार्यकर्ता अपने नेताओं का स्वागत करेंगे वहीं दोनों नेता ठहरकर कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। पिछला चुनाव भाजपा के साथ लड़ने वाली सुभासपा ने इस बार एआईएमआईएम के साथ गठबंधन किया है और विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
ओवैसी और ओम प्रकाश राजभर पूरे समय एक साथ मौजूद रहेंगे। बाबतपुर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद वाराणसी में सुबह करीब 10 बजे दोनों नेता जौनपुर के कुत्तूपुर तिराहे पर पहुंचेंगे। जहां जिलाध्यक्ष इमरान बंटी के नेतृत्व में उनका स्वागत होगा। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह गुरैनी निकलेंगे। वहां भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों व धर्म गुरुओं संघ बैठक कर सकते हैं। इसके बाद यहां से उनका काफिला आजमगढ़ के माहुल चला जाएगा। जहां वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर जाएंगे।
दोपहर में भोजन के बाद काफिला सरायमीर होते हुए वापस बाबतपुर एयरपोर्ट निकल जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी प्रमुख का स्वागत किया जाएगा। इस दौरान उनसे पार्टी की मजबूती और आगामी चुनाव के मद्देनजर बातचीत भी होगी। ओवैसी के वाराणसी और फिर ओम प्रकाश राजभर के साथ आजमगढ़, मऊ व जौनपुर जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें व कुछ सभाएं भी करेंगे। इस बाबत कार्यक्रम को अंतिम रूप सोमवार को सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी देने में लगे रहे।
हैदराबाद के सांसद का बाबतपुर से आजमगढ़ जाने के लिए जौनपुर का रास्ता चुनना राजनीतिक मसले से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि एआईएमआईएम ने बिहार के बाद अब वर्ष 2022 में होने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर चुकी है। खास बात यह कि इसी दिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी जिले में आ रहे हैं। वे जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर निगोह स्थित श्रीराम डिग्री कॉलेज में सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव की जयंती समारोह में शामिल होंगे जबकि एआईएमआईएम के प्रमुख बाबतपुर से जौनपुर के रास्ते आजमगढ़ जाएंगे।
एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने बताया कि ओवैसी का कई स्थानों पर स्वागत होगा। माना जा रहा कि वह दोपहर की नमाज गुरैनी मदरसे की मस्जिद में पढ़ सकते हैं। जाहिर है कि नमाज के वक्त लोगों की भीड़ को राजनीतिक लिहाज से भी साधना नहीं चूकेंगे।
आजमगढ़ के मदरसा बैतुल उलूम में आएंगे असदुद्दीन ओवैसी
सांसद असदुद्दीन ओवैसी 12 जनवरी की शाम तीन दिन में मदरसा बैतुल उलूम सरायमीर आ रहे रहे हैं। वह मदरसे के नाजिमे आला मुफ्ती अहमदुल्लाह फूलपुरी से मुलाकात करेंगे। यह जानाकरी आईएमआईएम के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वसी सिद्दिकी ने दी। मदरसा में भोजन के साथ नमाज भी पढ़ेंगे।
कोरोना गाइडलाइन के तहत होगा अखिलेश का कार्यक्रम
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 जनवरी को निगोह में होने वाले कार्यक्रम को जिला प्रशासन ने अनुमति दे दी है। हालांकि आयोजकों को कोविड-19 के बचाव निर्देशों और धारा-144 के नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई है। एसडीएम मड़ियाहूं संजय कुमार मिश्र की ओर से जारी अनुमति पत्र में कहा गया है कि सीमित संख्या निर्धारित कर कार्यक्रम किया जाए। दोनों निर्देशों का आयोजक पालन सुनिश्चित करें। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव निगोह के श्रीराम डिग्री कॉलेज में पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

Comments
Post a Comment