’
जनपद में आयोजित हुआ ‘मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला
*2675 लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
*सभी 52 पीएचसी पर लगा मेला*
*घर के पास मिला इलाज, जाना सेहतमंद बनने का राज*
वाराणसी। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के दिशा-निर्देशानुसार जनपद के समस्त 52 शहरी एवं ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। मुफ्त जांच हुई तथा निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं । बड़ागांव पीएचसी पर मेले का शुभारम्भ विधायक अवधेश सिंह ने फीता काटकर किया । इस मौके पर विधायक ने कहा कि कोविड-19 के चलते मार्च से स्वास्थ्य मेला स्थगित कर दिया गया था लेकिन अब एक बार पुनः इसकी शुरुआत हुई है। उन्होने कहा कि सरकार गरीबों के लिये कई जन कल्याणकारी योजनाएं व कार्यक्रम चला रही है। मुख्यमंत्री की पहल से हर तबके के लोगों को छुट्टी के दिन घर के नजदीक आरोग्य मेले के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ देने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य गरीबों का इलाज उनके निवास के करीब मिले जिससे उनके समय और आने जाने में होने वाले खर्च से बचत हो सके। इस दौरान प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके मौर्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे । उन्होने सभी व्यवस्थाओं का मुआयना किया और समस्त स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
मेले में कुल 2675 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 830 पुरुष, 1479 महिला और 366 बच्चे शामिल हैं | इस दौरान कोविड हेल्प डेस्क पर 1281 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गईं, जिसमें 507 व्यक्तियों का एंटीजन किट से कोरोना टेस्ट किया गया, जिसमें 11 व्यक्ति पॉज़िटिव पाये गए। इसके अलावा 170 मरीज श्वसन, 55 लिवर, 209 उदर, 202 मधुमेह, 409 त्वचा संबन्धित मरीज, 7 टीबी संभावित मरीज, 62 एनीमिक (खून की कमी), 169 हाईपेर्टेंशन, 210 महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच हुई एवं 1270 अन्य रोगों के मरीज देखे गए । इसके अलावा 3 मरीजों को जनरल सर्जरी, 13 मरीजों को आँख की सर्जरी, 8 मरीजों को ईएनटी सर्जरी, 5 मरीजों को ओब्स एवं गायनी सर्जरी एवं 10 मरीजों को अन्य सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया । मेले में कुल 6 कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया , वहीं 53 मरीजों को संदर्भित किया गया। इन स्वास्थ्य मेलों में आयुष्मान भारत योजना के स्टॉल लगा कर 53 लाभार्थियों के गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए। मेले में 117 मेडिकल ऑफिसर एवं 758 पैरामेडिकल स्टाफ ने कार्य किया।
*मेले में मिलीं सुविधाएं*
• बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच
• कोरोना की जाँच
• गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण
• निःशुल्क दवा और सभी पैथालॉजी की जांच
• निःशुल्क सैनेटरी नैपकीन वितरण
• महिला एवं पुरुष नसबंदी के लिए पंजीकरण
• आंखों की निःशुल्क जांच
• क्षय रोग की जांच
• परिवार नियोजन के अस्थायी साधन का निःशुल्क वितरण
• आयुष्मान का गोल्डेन कार्ड बनाना
*यह सुविधाएं भी रहीं मौजूद*
• चिकित्सा व उपचार के अलावा संदर्भन की सुविधा
• गर्भावस्था, प्रसव कालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श
• बच्चों में डायरिया, निमोनिया रोकने के लिए परामर्श सुविधा
• मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया व कुष्ठ की स्क्रीनिंग
• बीपी, शुगर, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग
• तंबाकू और मद्यपान छोड़ने के लिए परामर्श

Comments
Post a Comment