वाराणसी में पान मसाला कारोबारी के ठिकानों पर सेंट्रल GST का छापा, दो करोड़ की कर चोरी पकड़ी
सरफराज अहमद
वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र में सोनिया स्थित पान मसाला कारोबारी के ठिकाने पर सेंट्रल जीएसटी की टीम ने सोमवार की सुबह छापेमारी की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान लगभग दो करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी गई। जांच कर रहे अधिकारियों के अनुसार अभी और भी गड़बड़ी मिलने की आशंका है।
स्थानीय सेंट्रल जीएसटी के अधिकारी और कर्मचारी व्यवसायी से कारोबार में आय व्यय का ब्यौरा खंगाल रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व मिर्जामुराद में सिगरेट फैक्टरी पर कार्रवाई हुई थी। माना जा रहा है कि सिगरेट फैक्टरी में भी पान मसाला कारोबारी का काफी शेयर था।
पहले चरण की कार्रवाई के बाद कारोबारी से पूछताछ जारी है। सेंट्रल जीएसटी की तरफ से दोपहर तक की जांच मे दो करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला उजागर हुआ है जबकि जांच दोपहर बाद तक जारी रही।
इससे पहले 24 दिसंबर को स्टेट जीएसटी की टीम ने मसाला फैक्ट्री में छापेमारी की थी। एक ही मालिक की दोनों कंपनियों में स्टाक, बिक्री देखने के साथ वाराणसी के विश्वेश्वरगंज स्थित दफ्तर में रिकार्ड खंगाला गया था।
टीम ने डांडी व सूजाबाद स्थित फैक्ट्री पर छापेमारी की थी। कई वर्षों के बाद इतने बड़े पैमाने पर छापेमारी हुई थी। इससे पहले आयकर विभाग ने भी रामनगर व पंडित दीनदयाल नगर में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की कर-चोरी पकड़ी थी।

Comments
Post a Comment