बैंड-बाजा-बारात पर फिर छाया कोरोना का संकट, खुले स्थान पर 200 से अधिक को अनुमति नहीं
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी। कोरोना का प्रकोप एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहा है। ऐसे में 22 अप्रैल से शुरू हो रहे वैवाहिक मुहर्त पर संकट के बादल छाते दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कोरोना को लेकर की। इस दौरान उन्होंने लखनऊ गोरखपुर, कानपुर नगर, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, बरेली और झांसी में उपचार व्यवस्था को मजबूत करने और यहां विशेष सचिव स्तर के अधिकारी भेजने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा उन्होंने सार्वजनिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों के लिए निर्देश जारी करते हुए कहा कि खुले स्थान पर 200 से अधिक और बंद स्थानों पर 100 से अधिक लोगों के एकत्रित न होने पाएं। जिलाधिकारी इस सम्बन्ध में प्रभावी कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद एक बार फिर बैंड-बाजा-बारात के कारोबार से जुड़े लोगों और जिनकी शादियां तय हैं उन्हें दिक्क़तों का सामना उठाना पड़ रहा है। योगी आदित्यनाथ ने आयोजन में संख्या तय करने के साथ ही साथ आयोजनों में फेस मॉस्क, सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्केनिंग, सेनेटाइजर व हैंडवॉश की उपलब्धता अनिवार्य कर दी है।

Comments
Post a Comment