वाराणसी :- मुंबई में लॉकडाउन के डर से प्रवासियों का पलायन फिर से शुरु, कोरोना से ज्यादा सता रहा लॉकडाउन का डर
वाराणसी :- मुंबई में लॉकडाउन के डर से प्रवासियों का पलायन फिर से शुरु, कोरोना से ज्यादा सता रहा लॉकडाउन का डर
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी। मुंबई में संपूर्ण लॉकडाउन के डर के चलते एक बार फिर प्रवासियों का पलायन शुरू हो गया है। लोग अपने घर लौटने लगे हैं। मुंबई में लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्टेशन से यूपी जाने वाली ट्रेनों के जनरल डिब्बे में पैर रखने की जगह नहीं है। रविवार को मुंबई से वाराणसी पहुंची ट्रेन पवन एक्सप्रेस से लोग अपने घरों और गांवों को जाते दिखे। लोगों को कोरोना से ज्यादा अब लॉकडाउन का डर सताने लगा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर मुंबई, दिल्ली, लखनऊ व कानपुर समेत अन्य शहरों में तेजी से बढ़ रही है। देश एक बार फिर कोरोना वायरस संकट के उसी दौर में जाता दिख रहा है, जहां पिछले साल था। एक तरफ कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। शहरों में फिर से लॉकडाउन का डर सता रहा है। वहीं मुंबई में वीकेंड लाकडाउन लगाने का आदेश दिया गया है।
प्रवासियों का कहना है कि मुंबई में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और हो सकता है कि यहां लॉकडाउन लगा दिया जाए। इसलिए लोग अपने घरों को वापस जा रहे हैं, क्योंकि एक बार फिर लॉकडाउन में फंसना नहीं चाहते हैं।
मुंबई से ट्रेन में वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे गोपाल ठाकुर ने बताया कि वह मुंबई में ज्वैलरी लाईन में काम करते हैं पर मुंबई में वीकेंड लॉकडाउन लगने और कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कारोबार बंद हो गया है इसलिए वह अपने घर वापस जा रहे हैं।
वहीं मुंबई में सैलून की दुकान पर कार्य करने वाले रंजित ने बताया कि मुंबई में कोविड के चलते हालत बहुत खराब है सभी दुकानों को बंद करवा दिया जा रहा है। इसलिए वापस घर जा रहा हूं, एक-दो महीने बाद स्थिति सामान्य होने पर वापस मुंबई जाउंगा।
मुंबई से वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचे सूरज कुमार शर्मा ने बताया कि वह मुंबई में कारपेंटरी का काम करते हैं पर इन दिनों जिस भी घर या फ्लैट में जाओ तो वहां कोविड पॉजिटिव मरीज होने का पता चलता था, इसलिए वह अपने गांव वापस जा रहे हैं और वहीं खेती का काम करेंगे।
महाराष्ट्र में फिलहाल शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाया गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की राज्य की कोरोना टास्क फोर्स के साथ एक अहम बैठक होने वाली है। इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि महाराष्ट्र सरकार लॉकडाउन लगाने के पक्ष में है।

Comments
Post a Comment