वाराणसी में लग सकते हैं नये प्रतिबंध, ताजा हालात से शासन को अवगत कराया
वाराणसी। काशी में लोगों की लापरवाही संग कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने अफसरों को कड़े प्रतिबंध लगाने को शायद विवश कर दिया है।यदि सबकुछ ऐसे ही रहा तो आने वाले दिनों में काशीवासियों को एक और लॉक डाउन जैसे हालात के लिए तैयार रहना होगा। इधर होली बाद के लगातार तीन दिन से कोरोना के शतक व दोहरा शतक लगाने से काशी में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसीलिए आपदा प्रबंधन व महामारी एक्ट के तहत निषेधाज्ञा लागू करने के बाद आगे की सख्ती के लिए प्रशासन ने शासन से अनुमति भी मांगी है। आदेश आते ही कड़े नियम कानून फिर से लागू हो जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक वाराणसी सहित कुछ शहरों के लिए सरकार की ओर से अलग गाइडलाइन भी जारी की जा सकती है। इस दौरान बाजार, दफ्तर व अन्य संस्थानों के खुलने और बंद करने की समय में आगे और कटौती की जा सकती है। इसके अलावा हफ्तेभर के लिए रात में नाइट कर्फ्यू व अन्य विकल्प भी लागू किया जा सकता है। डीएम कौशल राज शर्मा का कहना है कि काशी की नई स्थिति से शासन को अवगत कराया गया है। जो भी नये प्रतिबंध या गाइडलाइन लागू होंगी, उन्हें शासन से निर्धारित किया जाएगा। बताया कि यही हालात बने रहे तो यहां कड़े प्रतिबंध लगाने अनिवार्य ही नहीं अति आवश्यक भी हो जाएंगे। काशी में आज सुबह भी कोरोना की रफ्तार काफी तेज रही। इस स्थिति को लेकर प्रशासनिक अफसरों संग स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।

Comments
Post a Comment