मौसम की तब्दीली से किसानों के चेहरे पर शिकन, बनारसियों को मिली गर्मी से राहत
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी। होली के बाद शुरू हुई गर्मी के बाद गुरुवार की रात आयी आंधी से मौसम में तब्दीली हुई है। वहीं सुबह ज़िले में हुई बारिश से ग्रामीण इलाकों में किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें देखी गयी। बारिश की वजह से गेहूं की पक चुकी फसल को नुकसान होने की आशंका है। इस समय गेंहू के बोझ खेतों और खलीहानों में पड़े हुए हैं। वहीं आम के बागों में भी किसान परेशां दिखे क्योंकि आंधी से ज़्यादातर बौर टूट गए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो फिलहाल ऐसा मौसम अगले दो-तीन दिन बने रहने की संभावना है। गुरुवार को दिन में तो अच्छी धूप रही लेकिन रात को धूल भरी आंधी का असर शहर से लेकर गांव तक देखने को मिला। कई जगह छतों से टिनशेड उड़ गए तो कुछ जगहों पर पेड़ों की डालियां भी टूट गईं।
गुरुवार की रात 8 बजे के बाद आयी आंधी से लोग परेशान दिखे वहीं ग्रामीण अंचलों में गेंहूं की कटाई प्रभावित हुई। वहीं सुबह हुई बारिश ने किसानों को चिंतित कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ज़्यादा गर्मी और तपन की वजह से मौसम में परिवर्तन हुआ है। मौसम अभी कुछ दिन ऐसे ही बने रहें की संभावना है।
वहीं हलकी बारिश से खुशगवार हुए मौसम शहर बनारस के घाट दिन में भी गुलज़ार दिखे और लोग नौका विहार करते देखे गए।

Comments
Post a Comment