Lockdown In Varanasi: वाराणसी में कोरोना का कहर, व्यापारियों ने लगाया अपना 2 दिन का लॉकडाउन
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने व्यापारियों के साथ बैठक की थी। बैठक के दौरान उन्होंने व्यापारियों से अपील किया कि वह कोरोना के चेन को तोड़ने में मदद करें और स्वेच्छा से प्रतिष्ठानों को खोलने और बन्द करने का फैसला लें।
पुलिस कमिश्नर की बातों को ध्यान में रखते हुए वाराणसी के व्यापारियों ने यह निर्णय लिया है कि इस शनिवार और रविवार को वह अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखेंगे। हालांकि इस दौरान दूध, ब्रेड इत्यादि आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति निर्बाध जारी रहेगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने बताया कि यह निर्णय केवल इस सप्ताह के लिए लिया गया है। जरूरत पड़ने पर अगले सप्ताह भी इसी तरह का निर्णय लिया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने बैठक कर व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल से इस पर फैसला लेने के लिए आग्रह किया था। व्यापारी नेताओं ने भी पुलिस कमिश्नर को आश्वस्त किया था कि जल्द ही वह अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर कोई हल निकालेंगे। गुरुवार को व्यापारी नेताओं ने बैठक कर इस बात का हल निकाला है कि शनिवार और रविवार को वे अपनी दुकानों को नहीं खोलेंगे। इससे बाजारों में भीड़ नहीं होगी और कोरोनावायरस के चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी।

Comments
Post a Comment