वाराणसी में कोरोना कर्फ्यू : सुहाने मौसम का आनंद पड़ा महंगा, अस्सी घाट पहुंचे लोगों का पुलिस ने काटा चालान
मोहम्मद रिजवान
कोरोना काल में वाराणसी के गंगा घाटों पर शाम चार बजे के बाद भ्रमण पर पाबंदी है। कोरोन संक्रमण का फैलाव रोकने के लिए जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने यह पाबंदी लगा रखी है। बावजूद, लोग शाम के समय परिवार संग घूमने गंगा घाटों पर पहुंच जा रहे हैं। दो दिन से मौसम सुहाना है तो लोग घरों से गंगा घाटों की ओर सैर करने निकल पड़ रहे हैं।
शुक्रवार की शाम अस्सी घाट पर भ्रमण को निकले कई लोगों का भेलूपुर थाना के अस्सी चौकी पुलिस ने चालान काटा। पहले तो लोगों को पुलिस कर्मियों ने कोविड गाइडलाइन का पालन के तहत घाट पर शाम के समय भ्रमण पर रोक की जानकारी दी।
वहीं बहुत से लोगों ने पाबंदी की जानकारी पर अनभिज्ञनता जाहिर करते हुए दोबारा से घाट पर नहीं घूमने की पुलिस से माफी मांगी। वहीं कुछ लोगों ने पुलिस से सवाल जवाब किए तो अस्सी चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने समझाते हुए 100-100 रुपये का चालान काटा।
अस्सी घाट से लेकर गंगा में तैर रही जेटी तक पहुंचकर समूह में लोग सेल्फी और फोटो शूट करा रहे थे। वहीं घाट किनारे वालों को पुलिस ने माइक से एनाउसमेंट करते हुए शाम के समय भ्रमण पर रोक की जानकारी भी दी।
कुछ नाविकों ने बताया कि पुलिस सख्ती करती है तो लोग ठीक रहते हैं। बहुत से लोग कहने के बावजूद मास्क नहीं लगाएंगे और जोर देने पर दुर्व्यवहार करने पर उतारू हो जाते हैं
बता दें कि बृहस्पतिवार को अस्सी चौकी पर तैनात दरोगा सनी निषाद ने घूमने पहुंचे युवकों को पीट दिया था। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने दरोगा को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया। यही नहीं, इसकी जांच एसीपी भेलूपुर चक्रपाणि त्रिपाठी को सौंपी है।



Comments
Post a Comment