वाराणसी : घरेलु गैस गोदाम से चोरों ने चुराए 49 भरे सिलेंडर, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। बड़ागांव थानाक्षेत्र के ईश्वरपुर में चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। चोरों ने गांव में बने घरेलु गैस के गोदाम की छत की सीमेंट की चादर हटाकर 49 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। सभी सिलेंडर भरे हुए थे। सुबह गोदाम का इंचार्ज गोदाम पर पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच के बाद चोरों की तलाश में लग गयी है।
इस सम्बन्ध में बिराँव गांव निवासी उपेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी गैस एजेंसी कुरु गांव के पास भद्रकाली इंडेन गैस एजेंसी के नाम से है। उसका गैस गोदाम ईश्वरपुर गांव में बनाया गया है, जहां शुक्रवार को गोदाम का इंचार्ज शाम 5 बजे घर चला गया था। सुबह जब वापस आकर गोदाम खोला तो उसकी छत की सीमेंटेड शेड हटी हुई थी।
रजिस्टर का मिलान करने पर 49 भरे गैस सिलेंडर गायब मिले हैं। हमने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि चोरी किये गए सिलेंडरों की अनुमानित कीमत 1 लाख 17 हजार रुपए बताई गई है। पीड़ित के तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम किया जा रहा है।

Comments
Post a Comment