वाराणसी :- साफ़ हुआ उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के घर जाने वाला रास्ता, कई दिनों से बजबजा रहा था सीवर
सरफराज अहमद
वाराणसी। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जल-मल को सड़कों बहते देखा गया और नगर निगम की तैयारियों पर सवालिया निशान भी लगा। इसी क्रम में भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के घर को जाने वाले मांग पर भुलेटन कूड़ेखाने के ठीक सामने कई महीनों से बजबजा रहे सीवर के पानी ने बरसात में रौद्र रूप ले लिया था। इस गन्दगी से दो चार हुए लोगों ने जब आक्रोश दिखाया तो मंगलवार को इसे नगर निगम ने ठीक करवाया।
फिलहाल सीवर लाइन साफ़ हो चुकी है और सड़क पर से पानी हटाया जा चुका है।
इस सम्बन्ध में स्थानीय पार्षद मोहम्मद सलीम ने बताया कि बेनिया नवेद काम्प्लेक्स आगे बढ़ने पर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां मार्ग का बोर्ड लगा हुआ है। इस जगह पर सड़क पार करके सीवर की लाइन आयी हुई है। उस सीवर लाइन में कचरा और ईंट पत्थर बेनियाबाग में चल रहे कार्य की वजह से फंस गया था, जिसकी वजह से ओवरफ्लो हो रहा था और सड़क पर सीवर का पानी बजबजा रहा था। कुछ समाचार पत्रों और मेरे द्वारा नगर निगम को अवगत करवाने के बाद यह जगह अब साफ़ हो चुकी है।
वहीं नगर निगम के अपर नगर आयुक्त देवीदयाल वर्मा ने बताया कि बेनियाबाग पार्क में स्मार्ट सिटी का काम चल रहा है। पास में शाही नाले की सफाई का काम चल रहा है। इसके चलते पार्क के पीछे हड़हा जाने वाले मार्ग जहां पर उस्ताद के नाम से जहां शिलापट्ट लगा है। वहां लाइन जाम होने से सीवर सड़कों पर बह रहा था। जलकल के कर्मचारियों ने मशीन और पंप लगाकर सोमवार को भी सफाई करने की कोशिश की थी। इसी दौरान बारिश हो गई, जिसके चलते सफाई में दिक्कत आई। दूसरे दिन दो और हैवी पंप लगाकर लाइन को साफ कराया गया। शाम को जाम लाइन साफ हो गई। अब यहां पर सीवर समस्या नहीं होगी।

Comments
Post a Comment