वाराणसी में हिन्दू युवा वाहिनी नेता को मारी गयी गोली
वाराणसी। भेलूपुर थानाक्षेत्र स्थित दुर्गाकुंड तथा खोजवां के समीप संतोषी माता मंदिर के पास रविवार शाम हिन्दु युवा वाहिनी के मंडल उपाध्यक्ष को इलाके के एक दबंग ने गोली मार दी है। घायल अवस्था में उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। वहीं इस घटना के दौरान हुई मारपीट में दो अन्य लोग भी घायल बताये जा रहे हैं।
हिन्दू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल के प्रभारी अम्बरीश सिंह भोला के अनुसार संतोषी माता मंदिर के विवाद में मालवीय मंडल के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय को गोली मारी गयी है। उनकी हालत गंभीर है। घायल अवस्था में मालवीय मंडल के उध्यक्ष दिवस त्रिपाठी व अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
घटना के बाद एसीपी भेलूपुर सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गयी है। आला अधिकारी भी घटनास्थल के लिये निकल चुके हैं। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन राउंड गोली चली है। लोगों ने गोली मारने वाले की पहचान एक दबंग के रूप में की है। लोगों के अनुसार संतोषी माता मंदिर पर कब्जे की नीयत से इस घटना को अंजाम दिया गया है। जिस वक्त अभिषेक पांडेय को गोली मारी गयी है, उस समय वो मंदिर में पूजा कर रहे थे। फिलहाल इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
विस्तृत खबर की प्रतीक्षा।

Comments
Post a Comment