वाराणसी में पूरे शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा... जैसे नारों से गूंजता रहा शहर
वाराणसी में पूरे शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा... जैसे नारों से गूंजता रहा शहर
मोहम्मद रिजवान
वाराणसी:- हजरत मोहम्मद (स.) की पैदाइश की खुशी में ईद मिलादुन्नबी पर मंगलवार को पूरा शहर नबी के नारों से नूरानी हो उठा। शहर से निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी में हाथों में तिरंगा, नबी के आने का पैगाम देतीं हरी झंडियां और होठों पर नबी के कलाम थे। इत्र और फूलों की खुशबू ने माहौल को और नूरानियत से भर दिया।
बड़े, बच्चे, बूढ़े सभी लकदक कुर्ता पायजामा पहने, सिर पर रंगबिरंगा साफा बांधे नबी के आमद की खुशी में निकलने वाले इस जुलूस में अकीदत के साथ शामिल हुए। हर ओर ...सरकार की आमद मरहबा, दिलदार की आमद मरहबा... जैसे नारों से शहर दोपहर तक गूंजता रहा।
ईद मिलादुन्नबी पर मंगलवार को सुबह आठ बजे सुन्नी जमीअत-उल-उलेमा बनारस की ओर से पूरे शान व शौकत के साथ काजी-ए-शहर मौलाना गुलाम यासीन की कियादत में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकला। जुलूस कदीमी रास्तों से होते हुए गुजरा, जिसमें अलग-अलग इलाकों के जुलूस शामिल होते गए और उसकी शान बढ़ती गई।
माइक पर लोग रास्ते भर नात और कलामों का नजराना पेश करते चल रहे थे। मदनपुरा में छतों से जुलूस में गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की गई। जुलूस रेवड़ी तालाब, भेलूपुर, गौरीगंज, रविंद्रपुरी, शिवाला, मदनपुरा, गोदौलिया, चौक, मैदागिन, कबीरचौरा होते हुए बेनियाबाग पहुंचा।
बेनियाबाग में दुआख्वानी के साथ जुलूस नई सड़क, गिरजाघर, रामापुरा होते हुए वापस रेवड़ी तालाब मैदान पहुंचा। यहां मौलाना गुलाम यासीन की दुआ और सलातोसलाम से जुलूस खत्म हुआ। काजी-ए-शहर ने मुल्क की तरक्की, अमन और मिल्लत की दुआ की। जुलूस में कई उलेमा इकराम की भी शिरकत रही।
जुलूस में बड़ी तादाद में हिंदू भाइयों ने भी शिरकत कर गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की साथ ही जगहों जगहों पर पानी और बिस्कुट बाटते हुए दिखे
सुरक्षा के कड़े थे इंतजाम
जुलूस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस जुलूस के साथ चल रही थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी निकले जुलूस
बारावफात पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी जुलूस निकले। मुस्लिम बंधुओं ने इस अवसर जुलूस निकलाकर पटाखे फोड़े। लोहता में जुलूस में शामिल लोग नात व तराना पढ़ते हुए चल रहे थे।
Comments
Post a Comment